Posts

Showing posts from August, 2022

जीवन समर

Image
                                                                                                   जीवन में मंज़िल पाने का बस एक ही रस्ता नहीं   सैकड़ों पगडंडियाँ  पहुंचाती हैं हमको वहीं ।  उसको निराशा घेर कर ही लूट लेगी राह में , यंत्रणा ही हस्तगत होगी खुशी की चाह में , पकड़ी है जिसने लीक लेकिन दृष्टि को खोला नहीं, क्षमता है कितनी हौसलों में यह कभी तौला नहीं,  इसलिए पाथेय अपना धैर्य को ही मान लें, है भरोसा खुद पे तो, निश्चित सफलता जान लें, जीवन समर में  जो रुका इतिहास उनको भूलता पुस्तकों में उनकी कहानी फिर नहीं मिलती कहीं ।  जो बनाते मार्ग वो, पदचिन्ह भी हैं छोड़ते, रास्ता तूफान का नदियों का भी हैं मोड़ते, उनको नमन आकाश भी करता है वसुधा पूजती उनकी प्रतिष्ठा ...

मत रखो कोई मलाल

जब किसी का मांगना माफी हो अभिनय का कमाल, बातों में आने का उसकी है नहीं उठता सवाल।  जब  तुम्हारी आंख खुल जाए सबेरा  मान लो, सो गए यदि जागकर तो उम्रभर होगा मलाल ।  जो छूट जाते राह में मत राह उनकी ताकना, चलते रहे यदि तुम निरंतर, ज़िन्दगी होगी निहाल ।  जब कोई संबंध मन के मान को दूषित करे, मत सहो पीड़ा, समझकर कांटा उसको दो निकाल।  कोई समझौता कि जिसका आत्मा ही मूल्य हो, है उचित ठुकराना उसको चाहे जितना हो बवाल ।  सत्य में होता हज़ारों हाथियों का बल सदा, झूठ और पाखण्ड टिक पाएंगे झूठा है ख़याल ।  होता नहीं है अंत जीवन में बिखरना स्वप्न का, संकल्प लेकर जुट पड़ो तो फिर नया होगा कमाल ।                                        - सुधीर भारद्वाज